home page

सोनभद्र में 2.40 करोड़ की हेरोइन बरामद,छह तस्कर गिरफ्तार

 | 
सोनभद्र में 2.40 करोड़ की हेरोइन बरामद,छह तस्कर गिरफ्तार


- थार एवं क्रेटा से हेराेइन लेकर आ रहे थे तस्कर

सोनभद्र, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र में पुलिस व एसओजी टीम ने लखनऊ से हेरोइन की तस्करी कर सोनभद्र में बिक्री करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके नाम आयुष जायसवाल, धर्मवीर, सुधीर कुमार, सूरज उर्फ अभिषेक, जितेन्द्र कुमार व दीपक साहू हैं। पुलिस टीम ने उनके कब्जे से 01 किलो 204 ग्राम हेरोइन, 06 मोबाइल व दो वाहन थार एंव क्रेटा बरामद किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 40 लाख रुपये है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सोमवार को बताया कि जिले में मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ एक अभियान आपरेशन शुद्धि चलाया गया है। इस आपरेशन के तहत चोपन थाना व एसओजी की पुलिस टीम आज दोपहर में बसकटवा रेलवे ब्रिज के पास संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली की रॉबर्ट्सगंज की ओर से दो वाहनों में कुछ हेरोइन तस्कर अवैध मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं। पुलिस टीम द्वारा सूचना मिलने पर तत्परता से वाहनों की जांच प्रारंभ की गई। कुछ समय बाद रॉबर्ट्सगंज की ओर से एक क्रेटा वाहन व उसके पीछे थार वाहन आता देख कर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जांच के लिए रोक लिया। पुलिस टीम ने वाहनों में सवार व्यक्तियों से पूछताछ एवं तलाशी की कार्रवाई की शुरू की गई। तलाशी के दौरान थार वाहन से 696 ग्राम तथा क्रेटा वाहन से 508 ग्राम, कुल 01 किलो 204 ग्राम अवैध हेरोइन, 06 मोबाइल फोन तथा 1,550 रुपये नगद बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में 06 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम आयुष जायसवाल, धर्मवीर, सुधीर कुमार, सूरज उर्फ अभिषेक, जितेन्द्र कुमार व दीपक साहू हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे लोग आपस में पैसा लगाकर लखनऊ से हेरोइन खरीदकर सोनभद्र के विभिन्न क्षेत्रों में फुटकर बिक्री करवाते हैं तथा बिक्री से प्राप्त धनराशि को आपस में बांट लेते हैं। पुलिस टीम द्वारा पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वह लोग लखनऊ से हिरोइन खरीद कर लाते थे और जिले के अनपरा ओबरा व अन्य क्षेत्रों में फुटकर रुप से बेचते थे। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना चोपन में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। बरामद दोनों वाहनों के वैध अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने पर उन्हें भी धारा 207 एमबी एक्ट के तहत सीज किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी