home page

शहडोल: अंधी हत्या का खुलासा, बेटा ही निकला मां का हत्यारा, फावड़े से कुचला था सिर

 | 
शहडोल: अंधी हत्या का खुलासा, बेटा ही निकला मां का हत्यारा, फावड़े से कुचला था सिर


शहडोल, 23 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के सीधी थाना क्षेत्र में 55 वर्षीय विधवा प्रेम बाई अहिरवार की हत्या का बुधवार को खुलासा करते हुए थाना प्रभारी सीधी शिवेंद्र राम भगत ने बताया कि हत्या किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि बेटे कौशल अहिरवार ने की। आरोपी ने संपत्ति, नगदी और जेवर के लालच में मां के सिर पर फावड़े से कई वार किए थे। पुलिस ने आरोप‍ित बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम दरैन के बाहा टोला की है। 55 वर्षीय प्रेम बाई अहिरवार अपने पति स्वर्गीय राम नारायण अहिरवार की मौत के बाद खेत में बने मकान में अकेली रहती थीं। उनके पति शिक्षक थे और 2020 में उनका निधन हो गया था। 18 सितंबर की रात उनके घर में उनकी हत्या कर दी गई थी। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सुनसान जगह पर हुई इस हत्या को पुलिस ने पहले अंधी हत्या मानकर जांच शुरू की थी। घटनास्थल की जांच की और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की। तकनीकी सबूतों और पूछताछ के आधार पर पुलिस का शक परिवार के लोगों पर गया। जांच में बेटे कौशल की भूमिका सामने आई।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में हत्या के पीछे संपत्ति, नगदी और जेवरात का लालच सामने आया। आरोपी ने फावड़े से मां के सिर पर कई वार किए थे। वारदात के बाद वह वहां से भाग गया था। कौशल के पिता शिक्षक थे, उनकी मौत के बाद कौशल को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। वह स्कूल में भृत्य के पद पर काम करता है। प्रेम बाई के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा उमरिया जिले के पाली में डाक विभाग में काम करता है। दूसरा बेटा कौशल गांव के पुराने मकान में अलग रहता है।

---------------

मनीष शुक्ला

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला