नवजात बालिका को जिंदा बैग में छोड़ गया अंजान शख्स
जोधपुर, 14 सितम्बर (हि.स.)। शहर के झंवर पुलिस थाना क्षेत्र में बड़लियां गांव की सरहद में सडक़ किनारे एक नवजात बच्ची बैग में मिली। उसके जन्म के कुछ देर बाद ही अंजान शख्स उसे बैग में डालकर लावारिश छोड़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जिंदा बच्ची को कब्जे में लिया और उसे फिर उम्मेद अस्पताल भिजवाया गया। बच्ची पूर्ण स्वस्थ बताई गई है। उसे क ब और कौन छोड़ गया इसका पता लगाया जा रहा है। घटना को लेकर एक खेत मालिक की तरफ से झंवर थाने में रिपोर्ट दी गई है।
थानाधिकारी प्रहलादसिंह ने बताया कि रविवार को सूचना मिली कि बड़लियां गांव की सरहद में सडक़ किनारे एक बैग में जिंदा नवजात रो रहा है। इस पर पुलिस की टीम वहां पहुंची। बैग को चैक करने पर पता लगा कि नवजात बालिका है। उसे कोई बैग में डाल कर रख गया है। बच्ची के तन पर कोई कपड़ा भी लिपटा नहीं था। बाद में बच्ची को उम्मेद अस्पताल भिजवाया गया। बच्ची स्वस्थ है। उसे कौन और कब छोड़ गया इस बारे में पता लगाने के प्रयास किए जा रहे है। घटना को लेकर खेतबाड़ी करने वाले अभयराम पुत्र राम नारायण तांडी की तरफ से मामला दर्ज कराया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

