सूरजपुर : अज्ञात शव की पहचान के लिए पुलिस ने मांगा जनसहयोग
सूरजपुर, 23 जून (हि.स.)। मंगलवार को पुलिस ने थाना विश्रामपुर क्षेत्र में बरामद एक अज्ञात युवक के शव की पहचान के लिए आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। यह मामला थाना विश्रामपुर के मर्ग क्रमांक 45/2026 के तहत दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, 17 जून को करमपुर रोड स्थित पोखरी खदान के पानी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव दिखाई देने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (डीडीआरएफ) सूरजपुर की सहायता से शव निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन शव गहरे पानी में डूब गया।
इसके बाद 18 जून को डीडीआरएफ अंबिकापुर और सूरजपुर की संयुक्त टीम ने खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। 19 जून को दोबारा चलाए गए अभियान में संयुक्त टीम ने शव को पानी से बाहर निकाला।
शव अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में पतासाजी की, लेकिन मृतक के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
मृतक पुरुष की अनुमानित आयु 25 से 30 वर्ष के बीच है। उसकी ऊंचाई लगभग 5 फीट 9 इंच है। दोनों हथेलियों में हरे रंग के निशान हैं तथा पहनी हुई टी-शर्ट पर भी हरे रंग के धब्बे पाए गए हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त हुलिये के आधार पर मृतक की पहचान संबंधी कोई जानकारी हो या किसी परिचित अथवा परिजन के लापता होने की सूचना हो, तो वे तत्काल नजदीकी थाना या थाना विश्रामपुर, जिला सूरजपुर से संपर्क करें। पुलिस का कहना है कि प्राप्त जानकारी मृतक की शिनाख्त और मामले की जांच में सहायक होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

