कार सवार युवक पर अज्ञात बदमाशों ने किया फायरिंग, सीने में लगी गोली चचेरा भाई भी घायल
जौनपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मल्हनी मार्ग पर सफदरगंज तिराहे के पास बुधवार देर रात कार सवार युवक पर फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। हमलावरों की गोली से 28 वर्षीय विपिन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। एक गोली उनके सीने में लगी, जबकि दूसरी कान को छूते हुए निकल गई। वहीं, कार में बैठे उनके चचेरे भाई अंश के पैर में भी गोली लगी। गंभीर हालत में विपिन को जिला अस्पताल से वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
बाबरखा गांव निवासी मेहीलाल यादव के पुत्र विपिन यादव स्विफ्ट डिजायर कार से भटेवरा गांव से अपने घर लौट रहे थे। करंजाकला क्षेत्र में सफदरगंज तिराहे के पास पहुंचने पर उनकी कार के सामने अर्टिगा और थार आकर रुक गईं। दोनों वाहनों से कुछ लोग उतरकर विपिन के पास पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि कहासुनी के बाद थार सवार लोगों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से विपिन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अंश के पैर में भी गोली लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो हमलावर दोनों वाहनों में सवार होकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद विपिन की गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों ने की फुटेज खंगालकर हमलावरों और उनके वाहनों की पहचान करने में जुटी है।
थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य बिंदुओं पर छानबीन जारी है। आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकार शहर गोल्डी गुप्ता ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल-चाल लिया।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

