home page

चंद्रावल नदी में अज्ञात युवक का शव मिला

 | 
चंद्रावल नदी में अज्ञात युवक का शव मिला


हमीरपुर, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अलीपुरा स्थित चंद्रावल नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। सोमवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। लेकिन अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि मृतक की उम्र 40 वर्ष प्रतीत हो रही है। शव की शिनाख्त के लिए पुलिस ने उसका हुलिया जारी किया है, जिसके अनुसार मृतक का रंग सांवला, शरीर मजबूत और बाल भूरे रंग के हैं, जिनमें हेयर डाई लगी हुई दिखाई दे रही है। उसकी पहचान के लिए सबसे महत्वपूर्ण चिन्ह उसके दाहिने हाथ की कलाई के ऊपर गुदा हुआ फूल के आकार का टैटू और बाएं पैर में बंधा हुआ काला धागा है। पुलिस ने आसपास के थानों को भी इस हुलिए के साथ सूचित कर दिया है। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा