कॉलेज छात्रा पर अज्ञात युवक ने एसिड फेंककर हुआ फरार, हालत नाजुक
बालोद, 05 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्रांतर्गत साेमवार काे कॉलेज छात्रा पर अज्ञात युवक ने एसिड फेंककर फरार हो गया। एसिड हमले में युवती गंभीर रूप से झुलस गई है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवती को रायपुर रेफर किया गया।
एडिशनल एसपी चन्द्रकांत गवर्ना ने बताया, युवती कॉलेज जा रही थी, तभी अज्ञात युवक ने उसके चेहरे पर एसिड फेंक दिया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। हमलावर तांदुला बांध के जंगलों की ओर भागा है। आरोपित ने सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया जा रहा है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी हुई है। घटना के पीछे की वजह और हमलावर की पहचान का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ ही आरोपित की तलाश कर रही है। मामले में विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

