home page

बढ़मिता गांव के पास मिला अज्ञात युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

 | 
बढ़मिता गांव के पास मिला अज्ञात युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस


पश्चिमी सिंहभूम,10 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित कुमारडूंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़मिता गांव के समीप शुक्रवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिला। ग्रामीणों ने सुबह गांव के पास संदिग्ध अवस्था में शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना कुमारडूंगी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतक युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार युवक ने नीले रंग का पैंट और हल्का पीला-सफेद रंग का गंजी पहन रखा है। शव की स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है,लेकिन फिलहाल कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।

कुमारडूंगी थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल,चाईबासा भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। साथ ही शव की पहचान के लिए आसपास के थानों को सूचना दे दी गई है और लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड से भी मिलान किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल हत्या या किसी अन्य कारण से मौत होने की पुष्टि नहीं हो सकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक