home page

रेलवे ओवरब्रिज के नीचे मिला अज्ञात महिला का शव, एफएसएल और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

 | 
रेलवे ओवरब्रिज के नीचे मिला अज्ञात महिला का शव, एफएसएल और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य


सागर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर शहर के कैंट थाना क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे मंगलवार को एक अज्ञात महिला का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। महिला के सिर, चेहरे और गले पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से गुजर रहे एक राहगीर ने महिला का खून से लथपथ शव देखा। उसने तत्काल कैंट थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, ताकि वारदात से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।

फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला को अक्सर रेलवे स्टेशन के आसपास देखा जाता था और वह कथित तौर पर भिक्षावृत्ति कर जीवनयापन करती थी। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मृतका की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी पड़ताल की जा रही है।

सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज के नीचे महिला का शव बरामद हुआ है। उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। शुरुआती परिस्थितियों में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपियों का सुराग लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास और प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे