अनूपपुर: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों मौत, घायलाें का इलाज जारी
अनूपपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार- रविवार की रात कोतमा से लौट रहे बाइक सवार चार लोगों को भोलगढ़ के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। उनका इलाज चल रहा है।
मृतकों में 20 वर्षीय निखिल केवट और 35 वर्षीय बद्री केवट शामिल हैं। निखिल की मौत शनिवार रात में हुई, जबकि बद्री ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया। घायल 20 वर्षीय राज बैगा का जिला चिकित्सालय में इलाज जारी है। वहीं बाइक चला रहे 36 वर्षीय रवि कुशवाहा को परिजन निजी चिकित्सालय ले गए हैं।
घायल राज बैगा ने बताया कि वे बरगवां और झगरहा के रहने वाले हैं। रवि कुशवाहा लकड़ी के ठेकेदार हैं। उनके साथ तीन मजदूरी करने वाले लोग कोतमा के खुंटवा गांव से रात घर लौट रहे थे। भोलगढ़ के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ देर बाद राज बैगा को होश आया तो उन्होंने बाकी तीनों साथियों को आसपास बेहोशी की हालत में पड़ा देखा।
राज बैगा ने बाइक चालक रवि कुशवाहा को उठाने की कोशिश की। चोट लगने के बावजूद रवि उठे और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डायल 112 की गाड़ी सभी घायलों को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंची।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा बनाकर रविवार को पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिए। मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
परिजनों के अनुसार बद्री केवट रिश्ते में निखिल के फूफा लगते थे। बद्री परिवार में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। उनकी बेटी करीब 11-12 साल और बेटा 10 साल का है। वे तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। निखिल की अभी शादी नहीं हुई थी। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र सहारा बताया जा रहा है। उसके दो छोटे भाई हैं।
पिकअप में भी लौट रहे थे मजदूर
बताया जाता है कि रात में वापसी के दौरान एक पिकअप वाहन में लकड़ियां भरा था और उसमें 5-6 मजदूर भी लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार चार लोग भी वापस आ रहे थे। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और टक्कर मारने वाले वाहन की जानकारी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

