अज्ञात व्यक्ति का शव नाले में मिला, हत्या की आशंका
नोएडा, 19 अगस्त (हि.स.)। थाना सेक्टर 58 क्षेत्र में एक अज्ञात पुरुष का शव आज पुलिस को मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा। वहीं लोगों में चर्चा है कि उक्त व्यक्ति की हत्या की गई है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी उमेश नैथानी ने बताया कि बुधवार सुबह थाना सेक्टर 58 पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 55 के पास स्थित बड़े नाले में सफाई कार्य के दौरान एक अज्ञात पुरुष का शव मिला है। शव पुराना है, तथा ऐसी आशंका है कि शव नाले मे पीछे से बहकर यहां पर आया है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची थाना सेक्टर 58 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उन्होंने बताया कि मौके पर फील्ड यूनिट टीम को बुलाया गया। आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा। वहीं, मौके पर इकट्ठे लोगों का मानना है कि उक्त व्यक्ति की हत्या कर शव को यहां पर फेंका गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

