ट्रेन से कटकर 40 वर्षीय अज्ञात शख्स की मौत
जयपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। हरमाड़ा थाना इलाके में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां रेलवे ट्रैक पार करते समय एक करीब 40 वर्षीय व्यक्ति लालगढ़ एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को सवाई मानसिंह अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और मृतक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए सहायक उप-निरीक्षक हरिसिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर लगभग 1 बजे विजय नगर टीबा के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। प्राथमिक जांच में सामने आया कि व्यक्ति लालगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया था। ट्रेन की भीषण टक्कर से युवक उछलकर ट्रैक से काफी दूर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से मृतक की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रहीं है और उसने नीलेरंग की जींस पेंट और स्लेटी रंग की टी-शर्ट पहन रखी है। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के बाद हरमाड़ा थाना पुलिस ने 'टोल एम्बुलेंस' की सहायता से शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल के शवगृह भिजवा दिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होने और परिजनों के मिलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के थानों में भी गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाले में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

