home page

सुपौल में हाईवे किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान में जुटी पुलिस

 | 
सुपौल में हाईवे किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान में जुटी पुलिस


सुपौल, 05 जुलाई (हि.स.)।

जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एनएच-27 किनारे बीएसएपी भर्ती प्रशिक्षण केंद्र के सामने एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ।

शव मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे राहगीरों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा।

इसकी सूचना तत्काल किशनपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह वहां कैसे पहुंचा। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शव मिलने से इलाके में दहशत और कौतूहल का माहौल बना हुआ है।

किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल किशनपुर थाना को सूचित करें, ताकि पहचान और जांच की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र