home page

मुरैना में अनियंत्रित रेत के ट्रैक्टर ने ऑटो में मारी टक्कर, दो सवारी हुई घायल

 | 
मुरैना में अनियंत्रित रेत के ट्रैक्टर ने ऑटो में मारी टक्कर, दो सवारी हुई घायल


मुरैना, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में प्रतिबंधित क्षेत्र से रेत का खनन कर परिवहन कर रहे ट्रेक्टर ट्राली के चालक ने सोमवार को ऑटो में सामने से टक्कर मार दी जिससे ऑटो में बैठी 4 में से दो सवारी गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिये जिला चिकित्सालय में दाखिल कराया। वहीं घटना को अंजाम देकर भाग रहे चालक से अनियंत्रित होकर ट्राली पलट गई। इससे चालक ट्रैक्टर सहित फरार हो गया।

जिले के सुमावली थाना क्षेत्रान्तर्गत निटहरा गांव के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली चालक ने सामने से आ रहे ऑटो में टक्कर मार दी। ट्रैक्टर की ट्राली में रेत भरा हुआ था। यह मुरैना से सुमावली की ओर जा रहा था। वहीं सुमावली से मुरैना आ रहे ऑटो में इकहरा निवासी दर्शन यादव तथा सुमावली निवासी सोहेल खान बैठे हुये थे, ट्रैक्टर की टक्कर से ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं दोनों सवारी घायल हो गई। जिला चिकित्सालय में सोहेल खान की गंभीर स्थिति को देखते हुये बेहतर इलाज के लिये ग्वालियर भेज दिया गया है। वहीं दर्शन यादव का इलाज जिला चिकित्सालय में कराया जा रहा है।

घटना के बाद चालक ने ट्रेक्टर को और तेज गति से भगाया जिससे ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खाई में जा गिरे। रेत से भरी ट्राली पलट गई। मौके की नजाकत को देखते हुये चालक ने ट्रैक्टर को ट्राली से अलग कर दिया जब तक ग्रामीण तथा पुलिस मौके पर आती उससे पहले ही ट्रैक्टर को लेकर चालक फरार हो गया। पुलिस ने सडक़ किनारे खाई में पलटी ट्राली को जेसीबी मशीन से सीधा कर जब्त कर लिया है। सुमावली थाना पुलिस ने दोनों घायल को घटना को लेकर पूछताछ की है, वहीं ट्रेक्टर व चालक की पहचान में जुट गई है। पुलिस द्वारा ऑटो चालक से जानकारी लेकर ट्रैक्टर ट्राली चालक के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज करने की कार्यवाही की जा रही है।

मुरैना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डाबर का कहना है कि ट्रैक्टर ट्राली चालक के विरूद्ध आपराधिक मामला दर्ज करने की कार्यवाही करने के साथ ही इनकी पहचान करने के प्रयास तेजी से किये जा रहे हैं।

वहीं घायल, दर्शन सिंह यादव का कहना है कि सुमावली से मुरैना धीमी गति से आ रहे सामने से आये तेज गति से रेत से भरे ट्रेक्टर ट्राली के चालक ने टक्कर मार दी, जिससे मुझ सहित दो लोग घायल हो गये हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र गौतम

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा