home page

कृषि भूमि विवाद में मामा ने भांजे की हत्या, कई लोग घायल

 | 
कृषि भूमि विवाद में मामा ने भांजे की हत्या, कई लोग घायल


कृषि भूमि विवाद में मामा ने भांजे की हत्या, कई लोग घायल


हरदा, 1 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के हरदा जिले के दीपगांव कला में कृषि भूमि को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बुधवार सुबह करीब 8 बजे मामा-भांजा और उनके परिवारों के बीच हुए संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी आनंद सिंह राजपूत (52) निवासी दीपगांव कला ने सिराली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी रूपसिंह राजपूत अपने परिजनों के साथ उनकी एक एकड़ कृषि भूमि पर कब्जा करने की नीयत से पहुंचे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी, डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

हमले में अमर सिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज सिंह, आनंद सिंह, रामभरोस, हरि सिंह, सनी राजपूत और नारायण राजपूत घायल हो गए। घटना की सूचना डायल 112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने अमर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस ने मामले में रूपसिंह राजपूत, भागवत, कैलाश, दिनेश, नारायण, हरीओम और महेश को आरोपी बनाया है। इनमें से कैलाश और दिनेश को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / Pramod Somani