home page

चाचा ने नवजात भतीजी की हत्या कर शव लकड़ियों में छुपाया, गिरफ्तार

 | 
चाचा ने नवजात भतीजी की हत्या कर शव लकड़ियों में छुपाया, गिरफ्तार


बहराइच, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बुधवार की शाम सुजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक वीभत्स घटना प्रकाश में आई। एक नौ माह की दुधमुँही की उसके चाचा ने गला दबाकर जान ले ली। घटना बुधवार शाम की है। गला दबाने के बाद नवजात का शव कपड़े में लपेटकर लकड़ियों के नीचे दबा दिया। घटना के दौरान घर में कोई मौजूद नहीं था,वापस लौटने पर परिवारजनों ने जब पूछताछ की तो आरोपित चाचा हिचकिचाते हुए वहां से भाग निकला।

नवजात की मां जब घर के अंदर पहुँची तो बच्ची का शव लकड़ियों के बीच में दबा मिला। शव मिलते ही परिवार में हाहाकार मच गया। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा होने लगी। इस दौरान पुलिस को सूचित किया गया, आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुँच गई और आरोपित चाचा को हिरासत में ले लिया।

मृत नवजात की मां के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया और साक्ष्य संकलन कर जांच में जुट गई है। फिलहाल पुलिस ने किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सुजौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चफ़रिया की हरिजन बस्ती की रहने वाली सुनीता अपने दो बेटे गोपाल और सुरेन्द्र के साथ रहती है। बुधवार की शाम परिवारजन पड़ोस में गये थे। घर में सुनीता की 9 माह की नवजात पौत्री अंजू चारपाई पर सो रही थी। इस दौरान नवजात का चाचा सुरेन्द भी वहां मौजूद था। परिवारजन जब वापस आये तो उन्हें किशोरी चारपाई पर नहीं मिली। किशोरी की मां उसे बेचैनी से खोजने लगी। उसने घर पर पहले से मौजूद देवर सुरेन्द्र से पूछताछ की तो वह झिड़ककर बाहर भाग गया। नवजात की मां ढूढ़ते हुए कमरे में पहुँची तो किशोरी का शव कपड़े में लिपटा लकड़ियों के बीच में पाया। यह देखते ही वह जोर-जोर से रोने लगी।

शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने तत्काल घटना से पुलिस को सूचित किया। पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और साक्ष्य संकलित करते हुए चाचा को हिरासत में लिया और अग्रिम जांच में जुट गई।

आरोपित की मां सुनीता का आरोप है कि सुरेन्द्र ने ही अपनी भतीजी की हत्या की है। फिलहाल पुलिस ने शव को अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया है।

थानाध्यक्ष सुजौली पी सी शर्मा ने बताया कि नवजात की मां रीना के प्रार्थना पत्र पर चाचा सुरेन्द्र को हिरासत में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। एसओ ने बताया कि आरोपित मानसिक विक्षिप्त और शराब का आदी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA