home page

सिरसा: जमीनी विवाद में पूर्व सरपंच व भतीजे की हत्या, चार घायल

 | 
सिरसा: जमीनी विवाद में पूर्व सरपंच व भतीजे की हत्या, चार घायल


सिरसा, 01 मार्च (हि.स.)। सिरसा जिले के गांव खोखर में जमीनी विवाद के चलते पूर्व सरपंच व उसके भतीजे की हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने घर में घुसकर घटना का अंजाम दिया। इस हमले में दूसरे पक्ष के भी चार अन्य लोगों को चोटें आई हैं, जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने पूर्व सरपंच जरमल सिंह व उसके भतीजे दिलजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

खोखर के पूर्व सरपंच जरमल सिंह का जसवंत सिंह से दो कनाल जमीन को लेकर पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार के एक सदस्य ने दो कनाल जमीन किसी को बेच दी थी और बाद में सौदा कैंसिल हो गया। खरीददार ने पूर्व सरपंच से कहा कि तुमने सौदा कैंसिल करवाया है जिससे यह विवाद शुरू हुआ।

रविवार सुबह दोनों पक्षों में फिर कहासुनी शुरू हुई जो खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि जरमल सिंह व उसके भतीजे दिलजीत सिंह की लाठी-डंडों व बरछे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जरमल सिंह व दिलजीत सिंह को कालांवाली के अस्पताल में पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के घायल जसवंत सिंह, बिकर सिंह व मोती को उपचार के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों मृतकों के शरीर पर बरछे के चार-पांच निशान पाए गए हैं। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, वहीं पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma