ट्रेन के कोच से लावारिस विदेशी शराब बरामद, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
सीवान, 29 अप्रैल (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान की क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वॉड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से लावारिस विदेशी शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देशन एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के आदेश पर गठित सीपीडीएस टीम ने गाड़ी संख्या 15204 लखनऊ–बरौनी एक्सप्रेस के कोच संख्या एस 1 में जांच के दौरान शौचालय के पास एक संदिग्ध पिट्ठू बैग पाया। तलाशी लेने पर बैग में विदेशी शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में 750 एमएल का 18 बोतल 8PM स्पेशल व्हिस्की शामिल है। कुल मात्रा 13.500 लीटर एवं कुल कीमत 8,460 रुपये आंकी गई है। टीम ने शराब को मौके पर ही जब्त कर लिया।
जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, सीवान को सुपुर्द कर दिया गया है। इस संबंध में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच उत्पाद विभाग के सअनि सत्येंद्र कुमार राय द्वारा की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संजय कुमार पांडेय, एएसआई शैलेन्द्र कुमार पांडेय, कांस्टेबल अरविंद कुमार, हेड कांस्टेबल धर्म प्रकाश मिश्रा एवं कांस्टेबल शिव अवतार प्रसाद शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

