home page

बस में कछुआ ले जा रही महिला पर केस दर्ज

 | 

ऊना, 30 अगस्त (हि.स.)। थाना अंब में हरियाणा रोडवेज के एक चालक की शिकायत पर कछुआ ले जा रही महिला के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में सुधीर कुमार ने बताया कि वह हरियाणा रोडवेज में चालक है। उन्होंने बताया कि शनिवार को वह दिल्ली-बैजनाथ रूट पर बस लेकर जा रहे थे। जब बस गौतम ढाबा अंब के समीप रुकी। तो इसी दौरान बस से उतरी एक महिला गीता देवी पत्नी (उत्तर प्रदेश) के पास एक डिब्बे में कछुआ पाया गया। चालक ने महिला से कछुए से संबंधित आवश्यक कागजात के बारे में पूछताछ की तो उसने कोई कागजात होने से इंकार कर दिया।

महिला ने बताया कि वह उक्त कछुए को धर्मशाला में रहने वाले एक महंत को देने के लिए ले जा रही थी। वहीं इस बारे में डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने गीता देवी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल