ऊना के पीरनिगाह में बेकाबू होकर खाई में गिरा हरियाणा के श्रद्धालुओं से भरा ट्रक, दो दर्जन से अधिक घायल
ऊना, 25 अगस्त (हि.स.)। जिला के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह के समीप मंगलवार सुबह पेश आए दर्दनाक सड़क हादसे में दो दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में बच्चे, महिलाएं युवा ओर बुजुर्ग शामिल हैं। हरियाणा के करनाल स्थित इंद्री के रहने वाले श्रद्धालुओं का जत्था दो दिन पहले पीर निगाह मंदिर आए थे जहां माथा टेकने और भंडारा आयोजित करने के बाद मंगलवार सुबह यह लोग माता नैना देवी के दरबार की तरफ निकले।
पीर निगाह मंदिर से मात्र दो किलोमीटर दूर इन श्रद्धालुओं का ट्रक बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गया। जिसके चलते ट्रक में सवार दो दर्जन से अधिक श्रद्धालु बुरी तरह घायल हो गए। इन श्रद्धालुओं को तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया। जहां पहुंचे कुछ श्रद्धालुओं को नाजुक हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया।
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ऊना जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह के समीप श्रद्धालुओं से भरे वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

