ऊना में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, एक किलो चिट्टे के साथ तीन तस्करों को दबोचा
ऊना, 03 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ कांगड़ा यूनिट की टीम ने ऊना के संतोषगढ़ क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की फ्रोंक्स कार से 1.005 किलोग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार एसटीएफ की टीम एडिशनल एसपी रेनू कुमारी की अगुवाई में गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि टाहलीवाल की ओर से एक कार में तीन युवक भारी मात्रा में नशा लेकर ऊना की तरफ आ रहे हैं। पुलिस ने बिना समय गंवाए संतोषगढ़ के वार्ड नंबर 1 में शिव मंदिर के पास नाकाबंदी कर दी। रात करीब 10:50 बजे जब संदिग्ध कार को रोका गया, तो तलाशी के दौरान पुलिस को कार की डिक्की में बिछे मैट के नीचे से एक आई शोपिंग लिखा हुआ थैला मिला। इस थैले को खोलने पर पुलिस के भी होश उड़ गए, इसके अंदर छोटे-बड़े कुल 15 पारदर्शी लिफाफे थे, जो चिट्टे से भरे हुए थे। डिजिटल तराजू से वजन करने पर कुल मात्रा एक किलो 5 ग्राम पाई गई।
पुलिस ने मौके पर ही कार सवार तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान गुरमुख सिंह निवासी बरनोह, रमन कुमार निवासी समूर कलां, सर्वजीत सिंह उर्फ विन्दर निवासी देहलां के रूप में हुई है।
एसटीएफ ने बरामद नशे और कार को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ सदर थाना ऊना में मामला दर्ज करवा दिया है। मामले की आगामी जांच संतोषगढ़ पुलिस चौकी के सहायक उप-निरीक्षक राकेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की इतनी बड़ी खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।
एएसपी रेनू कुमारी ने बताया कि एसटीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर चिट्टे की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। जिसमें तीन युवकों को अरेस्ट किया गया है, जिसकी जांच की रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

