पंजाब पुलिस की सिंगा और टाहलीवाल में की छापामारी,
ऊना, 21 फ़रवरी (हि.स.)। पंजाब के होशियारपुर में दो युवकों से अवैध पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद किए जाने के बाद अब इस पूरे मामले की जांच के दायरे में ऊना भी जुड़ गया है। पंजाब पुलिस ने शनिवार को ऊना जिला के टाहलीवाल व सिंगा गांव में सभावित ठिकानों पर दबिश दी ओर इस मामले में संलिप्त अभियुक्तों की निशानदेही पर टाहलीवाल व सिंगा गांव के कुछ युवकों के घर पर भी छापामारी कर उनके परिजनों से लंबी पूछताछ की। दबिश में संदिग्ध आरोपी घर पर नही मिले तथा पुलिस को खाली हाथ ही लौटना पड़ा। हालांकि पुलिस ने उनके परिजनों से लंबे दौर की पूछताछ की।
सूत्रो से जानकारी मिली है कि सिंगा गांव का उक्त युवक अपने पंजाब के दोस्त के साथ गढ़शंकर में बाईक पर कहीं जा रहे थे। पंजाब पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जब इनकी तलाशी ली तो इनके पास से एक 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। इनसे पूछताछ में सिंगा गांव के ही एक अन्य युवक और टाहलीवाल के एक युवक का नाम सामने आया था। जिसकी तलाश में शनिवार को पंजाब पुलिस की टीम ने सिंगा और टाहलीवाल गांव में दबिश देकर उसके घरवालों से पूछताछ की, लेकिन ये युवक घर पर नही मिले है।
पुलिस यह भी खंगाल रही है कि क्या इन युवकों का किसी संगठित आपराधिक गिरोह या गैंग से सीधा संबंध है या वे केवल माध्यम की भूमिका में थे। दबिश के बाद दोनों गांव में हलचल का माहौल है। स्थानीय पुलिस से भी समन्वय कर बैकग्राउंड वेरिफिकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस टीम इस एंगल पर भी काम कर रही हैं कि कहीं यह नेटवर्क पंजाब में आप नेताओं पर हुई हालिया फायरिंग और मर्डर की वारदातों में इस्तेमाल हथियारों से तो नहीं जुड़ा।
वहीं इस संबंध में एएसपी संजीव भाटिया का कहना है कि पंजाब पुलिस की टीम ने रेड की है, जिसमें जांच जारी है। अभी तक इनके घर से किसी भी तरह की कोई बरामदगी नही हुई है।
-------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

