ऊना में आधी रात पेट्रोल पंप लूटने की कोशिश, फायरिंग कर फरार हुए बदमाश
ऊना, 25 अप्रैल (हि.स.)। जिला ऊना में अपराध की बढ़ती घटनाओं के बीच एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आधी रात को पेट्रोल पंप को लूटने की नाकाम कोशिश की गई। चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर स्थित बहडाला गांव के एक पेट्रोल पंप पर अज्ञात बदमाशों ने धावा बोलते हुए न केवल लूटपाट का प्रयास किया, बल्कि डर फैलाने के लिए फायरिंग भी की।
हालांकि पेट्रोल पंप कर्मचारियों की सतर्कता और साहस के चलते यह वारदात नाकाम हो गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
ऊना के चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे स्थित बहडाला गांव में शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि करीब एक बजे पेट्रोल पंप को लूटने का प्रयास किया गया। जानकारी के अनुसार, सफेद रंग की स्कूटी और एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और सीधे कार्यालय में घुसने का प्रयास करने लगे। पेट्रोल पंप कर्मचारी दिनेश शर्मा ने बताया कि जब उन्होंने युवकों से अंदर आने का कारण पूछा तो वे टालमटोल करने लगे, जिससे उन्हें शक हुआ। स्थिति भांपते हुए उन्होंने तुरंत अन्य कर्मचारियों को सतर्क किया और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान बदमाशों ने अपने एक साथी को छुड़ाने के लिए रिवॉल्वर निकालकर फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पेट्रोल पंप मालिक विकास भारद्वाज ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। उन्होंने बताया कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। इस संबंध में ऊना सचिन हीरेमठ ने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया गया है और अन्य स्थलों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। आरोपी जल्दी ही सलाखों के पीछे होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

