लापता युवती का शव बरामद, हत्या की आशंका
ऊना, 23 जुलाई (हि.स.)। उपमंडल गगरेट के अंबोआ गांव में चार दिन से लापता 26 वर्षीय युवती वैशाली का शव गुरुवार सुबह उसके घर से कुछ ही दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जिस घर में दो माह बाद शादी की शहनाइयां गूंजने की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। युवती की रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से गहन जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वैशाली की शादी दो माह बाद डंगोह के एक युवक के साथ तय थी, जो भारतीय सेना में कार्यरत है और वर्तमान में दिल्ली में तैनात है। वह इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था। 19 जुलाई को वैशाली अपने मंगेतर से मिलने गई थी, लेकिन देर शाम तक वापस घर नहीं लौटी। उसका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आने लगा, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने पहले गुमशुदगी का मामला दर्ज किया और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर बुधवार को अपहरण का मामला भी दर्ज कर लिया।
गुरुवार सुबह उस समय पूरे गांव में हड़कंप मच गया, जब वैशाली का शव उसके घर के समीप बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से युवती का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसे तकनीकी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रीजनल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (आरएफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल, लोकेशन, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है, ताकि मौत की गुत्थी सुलझाई जा सके।
परिजनों का कहना है कि वैशाली की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में उसकी संदिग्ध मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद पूरे अंबोआ गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने भी जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल सहित सभी तकनीकी और अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

