home page

ऊना में महिला कांस्टेबल से लूट, सम्मोहित कर लूटे लाखों के आभूषण

 | 

ऊना, 12 सितंबर (हि.स.)। शहर की अरविंद मार्केट में थाना ऊना में तैनात एक महिला आरक्षी के साथ कथित तौर पर सम्मोहन कर सोने की चेन और अंगूठी ले जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वारदात के समय चार युवक दो बाइकों पर सवार थे और काफी समय से महिला आरक्षी का पीछा कर रहे थे। पीडि़ता ने मामले की सूचना पुलिस को दी है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार महिला आरक्षी ड्यूटी से छुट्टी पर थी और अपने बच्चों की पीटीए बैठक में शामिल होने के लिए जा रही थी। इसी दौरान अरविंद मार्केट के पास दो बाइक पर सवार चार युवक उसके आसपास पहुंचे। दो युवकों ने ने महिला से बातचीत शुरू की और इसी दौरान उसे कथित तौर पर सम्मोहित कर दिया। पीडि़ता के अनुसार युवकों के प्रभाव में आने के बाद उसने स्वयं अपने गले में पहनी सोने की चेन और अंगूठी उतारकर उन्हें दे दी। कुछ समय बाद जब उसे स्थिति का एहसास हुआ तो युवक वहां से फरार हो चुके थे। महिला ने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक वे उसकी पहुंच से काफी दूर निकल चुके थे।

महिला आरक्षी ने बताया कि आरोपी काफी समय से उसका पीछा कर रहे थे। घटना के बाद उसने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की पहचान के प्रयास कर रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी प्रकार के नशीले पदार्थ या अन्य तरीके का इस्तेमाल किया गया था या नहीं। घटना के बाद शहर में भी इस तरह की वारदात को लेकर चर्चा है। पुलिस ने लोगों से अनजान व्यक्तियों के झांसे में न आने और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

वहीं, एसपी सचिन हिरेमथ ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शातिरों को पकडऩे के लिए कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल