कोटला खुर्द में 10 ग्राम चिट्टे के साथ आरोपी गिरफ्तार
ऊना, 05 सितंबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत जिला पुलिस ऊना ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 10 ग्राम चिट्टे/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार चार सितंबर की शाम एसआईयू ऊना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कोटला खुर्द स्थित शिव मंदिर के समीप नाकाबंदी एवं तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान राजिन्द्र शर्मा निवासी कोटला खुर्द के बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से 10 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और एक इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच के दौरान चिट्टे की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने कहा कि नशे की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें नशे की बिक्री या तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

