गगरेट में आबकारी विभाग की मकान में दबिश, 548 बोतलें जब्त
ऊना, 29 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में अवैध शराब माफिया के खिलाफ प्रशासन ने अब तक घेराबंदी शुरू कर दी है। ताजा मामले में गगरेट के एक मकान को शराब माफिया ने अपना अड्डा बना रखा था, जिसे आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने बुधवार को ध्वस्त कर दिया।
यह महज एक छापेमारी नहीं, बल्कि एक सटीक खुफिया इनपुट के आधार पर सर्जिकल स्ट्राइक थी। एक्साइज विभाग ऊना के ज्वाइंट कमिश्नर
विशाल गोरला के नेतृत्व में बनी विशेष टीम ने जब इस संदिग्ध ठिकाने पर रेड डाली, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। घर के भीतर 548 बोतलें इंडियन मेड फॉरेन लिकर (IMFL) छिपाकर रखी गई थीं, जिन्हें आगामी सप्लाई के लिए तैयार किया जा रहा था। मकान मालिक इस संबंध में कोई भी उचित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। जिस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए। हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। उन्होंने कहा कि प्रशासन अब केवल बरामदगी तक सीमित नहीं है। जांच का रुख अब इस ओर है कि इतनी बड़ी खेप गगरेट तक कैसे पहुंची और इस अवैध धंधे के पीछे किन सफेदपोशों या बड़े तस्करों का हाथ है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यह अभियान अभी थमेगा नहीं; आने वाले दिनों में कुछ और ठिकानों पर गाज गिर सकती है। विशाल गोरल ने कहा कि अवैध शराब का यह कारोबार न केवल राजस्व को चूना लगा रहा है, बल्कि समाज के लिए भी खतरा है। हमने नेटवर्क की कड़ियां जोड़ना शुरू कर दिया है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

