भतीजे की शादी में चाचा ने किया हवाई फायर, मामला दर्ज
ऊना, 22 फ़रवरी (हि.स.)। थाना टाहलीवाल के गाँव सिंगा में शादी समारोह की खुशियां उस समय विवाद में बदल गईं, जब समारोह के दौरान हवा में फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया। सूत्रों में पता चला है कि यह फायरिंग सेवानिवृत्त फौजी ने की है। फायरिंग करने वाला रिश्ते में दूल्हे का चाचा बताया जा रहा है।
घटना का वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया गया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ऊना ने तुरंत संज्ञान लिया और संबंधित थाना को जांच के निर्देश दिए।
पुलिस ने वायरल वीडियो की पुष्टि करने के बाद जांच शुरू की और प्रारंभिक जांच में आरोपों को गंभीर मानते हुए अरुण कुमार निवासी सिंगा के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शादी या किसी भी अन्य समारोह में हथियार का प्रदर्शन या हवाई फायरिंग कानूनन अपराध है और इससे आमजन की जान को खतरा हो सकता है। पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध, तथा फायरिंग के समय वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी।
एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

