पीरनिगाह में खैर की लकड़ी से लदी पिकअप पकड़ी, तस्कर फरार
ऊना, 26 सितंबर (हि.स.)। वन संपदा की तस्करी और अवैध कटान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ऊना वन विभाग की टीम ने शुक्रवार देर रात पीरनिगाह क्षेत्र में खैर की लकड़ी से लदी एक महिंद्रा पिकअप को जब्त किया है। हालांकि, पिकअप चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने मामले में पुलिस थाना सदर ऊना को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वन विभाग के अनुसार 26 सितंबर की रात करीब 12:40 बजे टीम पीरनिगाह क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान ऊना की ओर आ रही तिरपाल से ढकी सफेद रंग की महिंद्रा पिकअप को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने पिकअप का पीछा शुरू कर दिया।
विभाग के अनुसार पीछा करने के दौरान तस्करों के साथियों ने भूरे रंग की बोलेरो कैंपर से वन विभाग की टीम का रास्ता रोकने और पीछा कर रही टीम को भटकाने का प्रयास किया। पिकअप का पीछा बसोली गांव से होते हुए चताड़ा तक किया गया। चताड़ा पहुंचने पर चालक पिकअप को आबादी से दूर छोड़कर अंधेरे में फरार हो गया।
वन विभाग की टीम ने जब पिकअप की तलाशी ली तो उसमें अवैध रूप से काटी गई खैर की लकड़ी के 45 मोछे बरामद हुए। वहीं, तस्करों की मदद करने वाली बोलेरो कैंपर भी मौके से फरार हो गई।
वन परिक्षेत्र अधिकारी ऊना अंकुश का कहना है कि वन परिक्षेत्र की ओर से इस संबंध में पुलिस थाना सदर ऊना को शिकायत दी गई है। वन विभाग ने पुलिस से भारतीय वन अधिनियम, 1927 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
वन विभाग ने कहा है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा अवैध कटान और तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिले में रात्रि गश्त और निगरानी को और प्रभावी बनाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

