home page

17.68 ग्राम चिट्टा मामले में पंजाब से दो और आरोपी गिरफ्तार

 | 
17.68 ग्राम चिट्टा मामले में पंजाब से दो और आरोपी गिरफ्तार


ऊना, 12 सितंबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस ऊना ने 17.68 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पंजाब से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में दोनों आरोपी अम्ब क्षेत्र में नशे की सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार हाल ही में पुलिस थाना अम्ब के तहत एक घर की तलाशी के दौरान 17.68 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। मामले में एनडीपीएस एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

मामले की आगामी जांच के दौरान पुलिस ने बैकवर्ड लिंक खंगालते हुए नशे की सप्लाई के नेटवर्क तक पहुंच बनाई। पुलिस थाना अम्ब की टीम ने 11 सितंबर को पंजाब के होशियारपुर जिले के बरोटी-चोहाल क्षेत्र से नीलम रानी पत्नी तथा स्माइल नाग दोनों निवासी होशियारपुर (पंजाब) को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच के मुताबिक दोनों आरोपी जिला ऊना, विशेषकर अम्ब क्षेत्र में नशे की सप्लाई के मुख्य स्रोतों से जुड़े पाए गए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस कप्तान सचिन हीरेमठ ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई केवल नशीले पदार्थ की बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे के स्रोत, सप्लायर, नेटवर्क और उससे जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की जांच कर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल