ऊना में देह व्यापार का भंडाफोड़
ऊना, 09 अप्रैल (हि.स.)। ऊना थाना के अंतर्गत जिला मुख्यालय में वैध एसआईयू टीम ने एक ढाबे पर छापा मारकर देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से तीन पीडि़त महिलाओं को मुक्त कराया, जबकि तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को काफी समय से उक्त ढाबे में संदिग्ध गतिविधियां चलने की सूचना मिल रही थी। इस सूचना की पुष्टि करने के लिए पुलिस ने एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर वहां भेजा। जब यह स्पष्ट हो गया कि ढाबे की आड़ में देह व्यापार का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है, तो पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन महिलाओं को वहां से छुड़ाया, जिन्हें कथित तौर पर इस अवैध धंधे में फंसाया गया था। साथ ही, मौके पर मौजूद तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है।
इस संबंध में एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। -----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

