एक ही गांव के दो युवकों की संदिग्ध मौत
ऊना, 02 सितंबर (हि.स.)। उपमंडल हरोली के गांव पूबोवाल में बुधवार को उस समय मातम छा गया, जब एक ही गांव के दो परिवारों ने अपने-अपने जवान बेटों को खो दिया। महज 30 से 32 वर्ष की उम्र के दो युवकों अमनदीप सिंह और सुखराज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। दोनों युवक शादीशुदा थे और उनके पीछे छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया अचानक उठ गया।
जानकारी के अनुसार अमनदीप सिंह का शव बुधवार सुबह करीब सात बजे घालूवाल स्थित रेन शैल्टर में मिला। शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं, सुखराज को अचेत अवस्था में बुधवार सुबह करीब 11 बजे सिविल अस्पताल हरोली लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक ही गांव के दो युवकों की लगातार हुई मौत से पूबोवाल में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल दोनों युवकों की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। मौत की परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन दोनों शवों का पोस्टमार्टम टांडा में होगा।
एसएचओ हरोली अनूप कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों मामलो में जांच शुरू कर दी है और शवों का पोस्टमाॅर्टम टांडा मेडिकल काॅलेज में होगा। जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

