home page

साइबर फ्रॉड: ऊना के बुजुर्ग से साढ़े आठ लाख की ठगी

 | 

ऊना, 10 जुलाई (हि.स.)। जिला ऊना में साइबर ठगों ने केबीसी (कौन बनेगा करोड़पति) में इनाम मिलने का झांसा देकर एक 62 वर्षीय बुजुर्ग से ₹8.54 लाख की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को केबीसी कार्यालय का प्रतिनिधि बताकर व्हाट्सएप कॉल और संदेशों के जरिए संपर्क किया और विभिन्न शुल्कों के नाम पर धीरे-धीरे लाखों रुपये अपने खातों में जमा करवा लिए। जब लंबे समय तक कोई इनामी राशि नहीं मिली और आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।

पुलिस के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के गांव नंगल सलांगड़ी निवासी पीड़ित को पहले विश्वास में लिया गया कि उनके नाम बड़ी इनामी राशि स्वीकृत हो चुकी है। इसके बाद टैक्स, प्रोसेसिंग फीस, रजिस्ट्रेशन, वेरिफिकेशन और अकाउंट एक्टिवेशन जैसे अलग-अलग कारण बताकर उनसे लगातार पैसे जमा करवाए गए।

जांच में सामने आया है कि पीड़ित ने विभिन्न बैंक खातों में ₹7.87 लाख नकद जमा कराए, जबकि छह यूपीआई ट्रांजेक्शन के माध्यम से ₹67,201 अतिरिक्त भेजे। कुल 22 लेनदेन में ₹8,54,201 आरोपियों के खातों में ट्रांसफर किए गए।

पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्ड, बैंक जमा रसीदें, यूपीआई ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट सहित अन्य दस्तावेज सौंपे हैं। शिकायत में यह भी बताया गया है कि ठगों ने भारतीय और पाकिस्तान के मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर संपर्क किया। पीड़ित ने संबंधित बैंक खातों और यूपीआई आईडी को फ्रीज कर राशि वापस दिलाने की मांग की है।

पुलिस थाना सदर ऊना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने कहा कि साइबर ठग लोगों को केबीसी, लॉटरी, इनाम और सरकारी योजनाओं के नाम पर झांसा देकर ठगी कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे किसी भी कॉल, व्हाट्सएप संदेश या लिंक पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल