पटाखा विवाद: थार से कुचले पति पत्नी, दोनों की मौत
ऊना, 09 नवंबर (हि.स.)। थाना सदर ऊना के अंतर्गत गांव बदोली में दीपावली की रात पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक दंपत्ति की मौत तक पहुंच गया। दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें बदौली गांव के पति पत्नी की मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
मृतकों की पहचान ओंकार सिंह और उनकी पत्नी वीना देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार केशव ठाकुर पुत्र जरनैल सिंह निवासी बदोली ने शिकायत दर्ज करवाई कि दिवाली की रात को वह अपने परिवार के साथ घर के आंगन में दीपावली के पटाखे चला रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले परिवार के पांच सदस्य पुरानी रंजिश के चलते उन्हें पटाखे चलाने से रोकने लगे, जिसे लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उक्त परिवार के सदस्यों ने केशव ओर इसके पिता पर तेजधार हथियारों से वार किए। इस मामले में पुलिस ने केशव ठाकुर की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से अजमेर सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी बदोली ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि आठ नवंबर की रात करीब 9:30 बजे उनका परिवार घर के बाहर दीपावली के पटाखे चला रहा था। इसी दौरान जरनैल सिंह उर्फ जैला अपने बेटे केशव के साथ थार गाड़ी में उनके घर के गेट के बाहर पहुंचे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों ने जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार थार गाड़ी उनके परिवार के सदस्यों पर चढ़ा दी। इस घटना में अजमेर सिंह, उनकी पत्नी सुषमा, बेटा ओंकार सिंह और बहू वीना देवी को चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ओंकार सिंह और उनकी पत्नी वीना देवी को मृत घोषित कर दिया।
इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने कहा कि बदोली में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

