हरोली पुलिस को बड़ी कामयाबी, 24 घंटों में ढूंढ निकाले वारदात के आरोपी
ऊना, 25 अगस्त (हि.स.)। पूबोवाल तालाब में सफाई कर रहे मजदूर पर दिनदहाड़े दरात से हमला कर मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार होने के मामले में हरोली पुलिस ने दोनों आरोपियों को हरोली पुलिस ने 24 घंटों के अंदर ढूंढ निकाला है। दोनों आरोपी युवक पंजाब के हैं जिनकी उम्र 21 से 25 साल के बीच है। दोनों आरोपियों को पंजाब के अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्शदीप (21) निवासी खानकोट राम सिंह वाला, तहसील एवं जिला अमृतसर पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे पंजाब के होशियारपुर जिले की तहसील गढ़शंकर के गांव कुक्कड़ा से गिरफ्तार किया।
दूसरे आरोपी की पहचान अंकित (25) निवासी जिला जालंधर, पंजाब के रूप में हुई है। वर्तमान में वह होशियारपुर जिले की तहसील गढ़शंकर के गांव बद्दोवाल में अपने किसी रिश्तेदार के यहां रह रहा था। जहां से इसे गिरफ्तार किया गया। दोनों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां इन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी किए गए हैं।
बता दें कि पूबोवाल तालाब में सफाई कार्य कर रहे मजदूर पर 23 अगस्त की शाम करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच दो बाइक सवार युवकों ने दरात से हमला किया था। वारदात के बाद आरोपी मजदूर का मोबाइल फोन और नकदी लेकर बाइक पर फरार हो गए थे।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार, बाइक तथा मजदूर से छीने गए मोबाइल और नकदी के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रथम दृष्टया में मामला नशे से जुड़ा ही पाया गया है दोनों आरोपी युवक नशे के आदि बताए जा रहे हैं।
वहीं इस संबंध में एसएचओ हरोली अनूप कुमार ने बताया कि पूबोवाल में वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिन्हें माननीय अदालत ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी किए हैं। वहीं डीएसपी हरोली मोहन रावत ने कहा कि हरोली पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है, किसी भी आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने वालों को बख्शा नही जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

