छोटा हाथी से हो रही थी नशे की तस्करी, पुलिस ने आधी रात को पकड़े आरोपी
ऊना, 31 जुलाई (हि.स.)। नशे के खिलाफ हिमाचल प्रदेश पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिला पुलिस ऊना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 क्विंटल 52 किलो 660 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में नशा तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हीरेमठ ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे निरीक्षक अशोक कुमार, प्रभारी थाना मैहतपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम फतेहपुर मंदिर के समीप गश्त एवं नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान एक टाटा ऐस (छोटा हाथी) वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 8 बोरियों में 1 क्विंटल 62 किलो 640 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस ने वाहन चालक जोगा सिंह निवासी गढ़शंकर (पंजाब) तथा उसके साथ बैठे हरप्रीत सिंह निवासी गढ़शंकर जिला होशियारपुर पंजाब को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गांव लमलेहड़ा में खड़े एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाशी ली, जहां से 14½ बोरियों में 2 क्विंटल 90 किलो 20 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद किया गया। इस प्रकार दोनों स्थानों से कुल 4 क्विंटल 52 किलो 660 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है। जिला पुलिस ऊना ने आमजन से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नशा तस्करों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

