ट्रिपल आईटी सलोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम में हंगामा, रजिस्ट्रार से मारपीट
ऊना, 04 अक्टूबर (हि.स.)। ट्रिपल आईटी सलोह में आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब नशे की हालत में पहुंचे तीन लोगों में से एक ने संस्थान के रजिस्ट्रार के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। घटना में रजिस्ट्रार के नाक और चेहरे पर चोटें आईं हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक ट्रिपल आईटी ऊना के रजिस्ट्रार रवि सैनी ने बताया कि वह नौसेना से सेवानिवृत्त कैप्टन हैं और वर्तमान में ट्रिपल आईटी ऊना, सलोह में रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत हैं। तीन अक्तूबर की रात करीब 9:30 बजे संस्थान परिसर में वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एक प्रोफेसर ने उन्हें सूचना दी कि तीन लोग नशे की हालत में संस्थान में आए हैं।
शिकायत के मुताबिक रजिस्ट्रार और उनके सहयोगियों ने पहली पंक्ति में बैठे दो लोगों से विनम्रता से उनके बारे में पूछा और संस्थान से चले जाने का आग्रह किया। आरोप है कि इसके बाद जब रजिस्ट्रार अपने कार्यालय की ओर जा रहे थे तो उनके तीसरे साथी ने रास्ता रोक लिया और कथित तौर पर उनके साथ धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू कर दी। रजिस्ट्रार का आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने कहा कि यह हमारा इलाका है और हम जहां शराब बेचेंगे। मारपीट के दौरान उनके नाक और चेहरे से काफी खून बहने लगा। शोर सुनकर वहां मौजूद लोग एकत्रित हुए और आरोपी को पीछे हटाया। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने उन्हें और उनके परिवार को धमकियां देने के साथ गाली-गलौज भी की।
घायल रजिस्ट्रार को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया, जहां उनका उपचार करवाया गया। पुलिस थाना हरोली के प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है और विभागीय जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

