home page

विजिलेंस के ट्रैप में फंसा जेई, 8 हजार की रिश्वत के साथ दबोचा

 | 
विजिलेंस के ट्रैप में फंसा जेई, 8 हजार की रिश्वत के साथ दबोचा


ऊना, 04 अगस्त (हि.स.)। ऊना में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के इलेक्ट्रिकल विंग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को 8,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार एक ठेकेदार ने विजिलेंस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी कि पीडब्ल्यूडी इलेक्ट्रिकल विंग में तैनात जेई द्वारा कार्य का बिल पास करने के बदले 8,000 रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले की प्रारंभिक जांच की और शिकायत को सही पाए जाने पर आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष योजना तैयार की।

योजना के तहत विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 8,000 रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।

डीएसपी विजिलेंस फिरोज खान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं वह पहले भी इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल तो नहीं रहा। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल