ढाबा मारपीट मामला: घायल कामगार ने पीजीआई में तोड़ा दम, संचालक अरेस्ट
ऊना, 25 सितंबर (हि.स.)। टाहलीवाल क्षेत्र में मारपीट के मामले में जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ढाबा मालिक समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार उपचार के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में घायल की मौत हो गई, जिसके बाद मामले में संबंधित प्रासंगिक धारा भी जोड़ दी गई है।
पुलिस के अनुसार 23 सितंबर को अमित थापा निवासी नेपाल, हाल निवासी संतोषगढ़ ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका भाई केशव बहादुर पिछले करीब दो माह से टाहलीवाल स्थित एक ढाबे में काम करता था। 22 सितंबर को सुबह करीब 9:30 बजे वह अजौली मोड़ के पास बेहोशी की हालत में मिला था। उसे उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया था। शिकायतकर्ता ने मारपीट में ढाबा मालिक के शामिल होने का संदेह जताया था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ढाबा मालिक की पीड़ित के साथ मारपीट में संलिप्तता सामने आने की बात पुलिस ने कही है। इसी दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान केशव बहादुर की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने अभियोग में संबंधित प्रासंगिक धारा जोड़ दी।
पुलिस के अनुसार आगामी जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर ढाबा मालिक और ढाबे के एक अन्य कर्मचारी को हिरासत में लिया गया है। वहीं आगामी आदेशों तक ढाबे को भी सील कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हीरेमठ और एसडीपीओ हरोली मोहन रावत ने घटनास्थल का दौरा कर मामले की आगामी जांच के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, आरएफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। एसपी सचिन हीरेमठ ने कहा कि पुलिस ने इस संबंध में दो लोगों को अरेस्ट किया है और आगामी अन्वेषण जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

