home page

ठठल में आधी रात को घर में डाका

 | 
ठठल में आधी रात को घर में डाका


ऊना, 11 अगस्त (हि.स.)। उपमंडल अम्ब के तहत ठठल क्षेत्र में चोरी की एक और वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने नंदपुर–नेहरियां मार्ग पर सड़क किनारे स्थित एक घर को निशाना बनाया। घटना मध्य रात्रि के समय की बताई जा रही है। जिस समय चोरों ने घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया, उस दौरान मकान में बुजुर्ग दंपति मौजूद थे। जानकारी के अनुसार चोर देर रात घर में घुसे और परिवार के सदस्यों को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोरों ने घर के अंदर रखे सामान को खंगाला और वहां से सोने की एक चेन, अंगूठी सहित अन्य आभूषण चोरी कर लिए। वहीं, चोरो के द्वारा घर से एक सन्दूक चुराकर साथ मे ले गए है, जिसकी अभी तक बरामदी नही हुई ।

घटना की जानकारी सुबह जब परिवार के सदस्यों को घर में सामान अस्त-व्यस्त मिला तो उन्हें चोरी की घटना का पता चला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों के आने-जाने और उनकी पहचान से संबंधित कोई सुराग मिल सके। इसके अलावा पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने कहा कि पुलिस ने इस मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल