home page

लिफ्ट लेकर घर आ रही छात्रा की सड़क हादसे में मौत

 | 
लिफ्ट लेकर घर आ रही छात्रा की सड़क हादसे में मौत


ऊना, 20 अगस्त (हि.स.)। राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक की बीसीए पांचवें सेमेस्टर की 19 वर्षीय छात्रा का गुरुवार सड़क हादसे में निधन हो गया। मृतका की पहचान सुनाक्षी पुत्री सतनाम निवासी मवा कहोला के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही कॉलेज सहित क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार सुनाक्षी गुरुवार को कॉलेज में कक्षाएं लगाने के बाद करीब तीन बजे घर जाने के लिए दौलतपुर चौक बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान उसका पड़ोसी स्कूटी लेकर वहां से गुजर रहा था। सुनाक्षी उसके साथ स्कूटी पर घर जाने के लिए बैठ गई। बताया जा रहा है कि दोनों अभी बस स्टैंड के समीप पुल को क्रॉस किया ही था कि पीछे से आ रहे एक टिप्पर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटी चालक एक तरफ जा गिरा, जबकि सुनाक्षी सड़क पर गिरकर टिप्पर की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायल सुनाक्षी को आनन-फानन में निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी पुष्पिंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों के बयान कलमबद्ध करके साक्ष्य एकत्रित किए। चौकी प्रभारी पुष्पिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी टिप्पर चालक को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल