18.77 ग्राम चिट्टा मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार
ऊना, 28 सितंबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऊना पुलिस ने 18.77 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामदगी के मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना अम्ब की टीम ने नशे की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क से जुड़े विनोद शर्मा और राकेश गुप्ता को सोमवार को अम्ब से गिरफ्तार किया।
बता दें कि कुछ समय पहले पुलिस थाना अम्ब के तहत एक घर की तलाशी के दौरान 18.77 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। मामले की आगामी जांच के दौरान पुलिस ने फारवर्ड लिंक की पड़ताल की, जिसके आधार पर दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई निरीक्षक विपन शर्मा प्रभारी पुलिस थाना अम्ब के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मामलों में फारवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस नशे के स्रोत, सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हीरेमठ ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई केवल नशीले पदार्थ की बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसके स्रोत और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

