home page

हरियाणा के श्रद्धालुओं का ट्रैक्टर पलटा, 12 घायल, एक पीजीआई रैफर

 | 
हरियाणा के श्रद्धालुओं का ट्रैक्टर पलटा, 12 घायल, एक पीजीआई रैफर


ऊना, 30 मार्च (हि.स.)। बंगाणा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत पीरनिगाह-मकरैड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। हादसे में 12 श्रद्धालु घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में दाखिल करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने कुशल (20) पुत्र अवतार सिंह निवासी मजारी जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) को प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही ऊना पुलिस टीम भी मौका पर पहुंची और आगामी जांच शुरु की।

जानकारी के अनुसार कुरुक्षेत्र (हरियाणा) से श्रद्धालुओं का जत्था ट्रैक्टर-ट्राली में बैठकर प्रदेश के धार्मिक स्थलों पर शीश नवाने आया था। श्रद्धालुओं ने बीते दिन ही बाबा बालक नाथ मंदिर में शीश नवाया था। सोमवार को श्रद्धालु माता नैना देवी मंदिर में शीश नवाने जा रहे थे। श्रद्धालु जब पीरनिगाह-मकरैड़ रोड़ पर जा रहे थे तो अचानक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर सडक़ के बीचों-बीच पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर श्रद्धालुओं की चीखों-पुकार मच गई।

इस दौरान सडक़ पर जा रहे अन्य लोगों ने इंसानियत का परिचय देते हुए घायल हुए श्रद्धालुओं की मदद शुरु कर दी। लोगों ने ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे से श्रद्धालुओं को बाहर निकाला और उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों व अन्य स्टाफ ने श्रद्धालुओं का उपचार शुरु किया। जहां एक श्रद्धालु कुशल की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। जबकि अन्य 11 श्रद्धालुओं का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में ही जारी है।

उधर, एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि पीरनिगाह के समीप ट्रैक्टर-ट्राली पलटी है। पुलिस मामले को लेकर जांच में जुटी हुई है। घायलों में कुशल (20) पुत्र अवतार सिंह निवासी मजारी जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा), सतपाल (69) पुत्र सहदेव राम, अमन (35) पुत्र नसीब सिंह, नसीब सिंह (50) पुत्र अजमेर सिंह, नवीन (35) पुत्र लहेरी चंद, मंजीत (31) पुत्री अमन, रेखा (40) पत्नि संजय कुमार, प्रियंका (33) पत्नि जसविंद्र सिंह, पिंकी पत्नि नवीन निवासी कुरुक्षेत्र हरियाणा, सुमिंद्र देवी (58) पत्नि गुरमीत सिंह निवासी अंबाला, नीरु (32) पत्नि संदीप निवासी नारायणगढ़ हरियाणा, विरान (12) पुत्र हरपाल निवासी नारायणगढ़ हरियाणा के नाम शामिल हैं।---------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल