उमराह यात्रा के नाम पर 46 लाख की ठगी करने वाला इनामी दम्पती गिरफ्तार
जयपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। सस्ते में उमराह यात्रा कराने का झांसा देकर 46 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में रामगंज थाना पुलिस ने एक इनामी दम्पती को गिरफ्तार किया है। आरोपित पिछले करीब एक साल से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करन शर्मा ने बताया कि 10 फरवरी 2026 को परिवादी मोहम्मद अनीस पुत्र मोहम्मद हनीफ ने रामगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि फरहत हुसैन उर्फ मोहम्मद आरिफ और उसकी पत्नी गुलफशा ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर परिवादी और उसके रिश्तेदारों को कम कीमत में उमराह यात्रा करवाने का झांसा दिया। आरोपितों ने इस बहाने उनसे कुल 46 लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर रामगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वहीं प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही दोनों आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस निरीक्षक एवं रामगंज थानाधिकारी गौतम डोटासरा के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सहायता और हेड कांस्टेबल कृष्णअवतार तथा रामलाल से मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में फरहत हुसैन उर्फ मोहम्मद आरिफ (30) पुत्र शौकत हुसैन और उसकी पत्नी गुलफशा (28) शामिल हैं। दोनों मूल रूप से दुकालपुरा, पड़ाव रोड, थाना दाहोद टाउन ए डिवीजन, जिला दाहोद (गुजरात) के निवासी हैं। जयपुर में इनके निवास के ब्रह्मपुरी हाल जयसिंहपुरा खोर का पता सामने आया है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित फरहत हुसैन के खिलाफ जयपुर के जवाहर नगर, करणी विहार, गलतागेट और रामगंज थानों में धोखाधड़ी एवं अमानत में खयानत से जुड़े चार मामले दर्ज हैं। इन मामलों में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 406 तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज हुए हैं। इनमें से कई मामलों में पुलिस चालान भी पेश कर चुकी है। वहीं, उसकी पत्नी गुलफशा के खिलाफ भी रामगंज थाने में मामला दर्ज है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनकी गिरफ्तारी से ठगी की अन्य वारदातों और नेटवर्क के संबंध में भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

