home page

उमडार डैम में डूबे युवक का 24 घंटे बाद मिला शव, संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद सफलता

 | 
उमडार डैम में डूबे युवक का 24 घंटे बाद मिला शव, संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद सफलता


उमरिया, 17 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के उमरिया जिले के उमडार डैम में नहाने के दौरान डूबे 22 वर्षीय युवक शिवम का शव करीब 24 घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार शिवम गुरुवार को अपने तीन दोस्तों के साथ उमडार डैम घूमने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गए।

हादसे के बाद उमरिया, शहडोल और जबलपुर की एसडीआरएफ तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने बचाव अभियान शुरू किया। 20 से अधिक सदस्यों की टीम ने गोताखोरों, आधुनिक उपकरणों और तीन नावों की सहायता से लगातार तलाश अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद शुक्रवार दोपहर गोताखोरों ने डैम की गहराई से शिवम का शव बरामद कर लिया। इसके साथ ही करीब एक दिन से चल रहा रेस्क्यू अभियान समाप्त हुआ।

पुलिस ने मामले की आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि क्षेत्र में शोक का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी