उमरिया : सोशल मीडिया पर सिविल सर्जन से मारपीट का वीडियो वायरल, दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू
उमरिया, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के सिविल सर्जन डॉ. के.सी. सोनी से कथित मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग सिविल सर्जन के साथ विवाद और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है, जिस पर जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एक युवक ने डॉ. सोनी पर अनुचित व्यवहार और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। युवक का दावा है कि उसकी मुलाकात सिविल सर्जन से शहर के एक चौराहे पर हुई थी, जहां बातचीत के दौरान वह उनके साथ दूसरे स्थान पर गया। युवक के अनुसार वहां डॉ. सोनी ने उससे आपत्तिजनक बातें कीं और अनुचित हरकत करने का प्रयास किया। इसके बाद उसने अपने परिचितों को सूचना दी, जिसके बाद विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।
वायरल वीडियो में मारपीट के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर भी बातचीत सुनाई दे रही है। हालांकि वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इसकी जांच कर रही है।
वहीं, सिविल सर्जन डॉ. के.सी. सोनी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की और दबाव बनाकर उनसे जबरन बातें कबूल करवाईं। उनका आरोप है कि घटना के दौरान नकदी और सोने की अंगूठी भी छीन ली गई। उन्होंने इस संबंध में पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा ने बताया कि 8 जून की रात दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे और दोनों ने अपने-अपने आवेदन प्रस्तुत किए हैं। पुलिस सभी तथ्यों और वायरल वीडियो की जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप चर्चा का विषय बने हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी

