उम्मेद अस्पताल गेट संख्या पांच के सामने देर रात फायरिंग की आशंका में पुलिस की भागदौड़
जोधपुर, 15 सितम्बर (हि.स.)। शहर के उम्मेद अस्पताल के गेट संख्या पांच के सामने सोमवार- मंगलवार की मध्य रात बाइक सवार दो बदमाशों ने एक कार पर फायरिंग की। सूचना पर पहुंची पुलिस को फायरिंग के आलामात नहीं मिले। बाइक सवार एक युवक नीचे उतरता दिखा और हाथ में पिस्टल नजर आई। पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। आज दोपहर तक कोई पीडि़त पक्ष सामने नहीं आया और ना कोई शिकायत पुलिस में दी गई है। फिलहाल पुलिस बुलेट बाइक पर सवार दो बदमाशों की पहचान के साथ टे्रस में लगी है। घटना के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सुबह वायरल हुआ है।
प्रतापनगर सदर थानाधिकारी सुंदरकला ने बताया कि उम्मेद अस्पताल के सामने देर रात फायरिंग की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची थी। मगर फायरिंग किए जाने जैसे आलामात नजर नहीं आए। एक बाइक पर दो युवक आते दिखे है जोकि वहां खड़ी कार पर फायरिंग का इरादा रखते थे। मगर कार चालक वहां से तत्काल निकल गया। दो अन्य गाडिय़ां पर भी युवक आपस में बतियाते दिखे है।
बुलेट बाइक पर आए बदमाशों में पीछे बैठे युवक के पास में एक पिस्टलनुमा चीज दिखी है। थानाधिकारी सुंदरकला के अनुसार फायरिंग नहीं हुई है। किसी ने अभी तक शिकायत भी नहीं दी है। बदमाशों के पकड़े जाने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

