home page

इंटरनेट पर हुई पहचान बनी हत्या की वजह

 | 
इंटरनेट पर हुई पहचान बनी हत्या की वजह


देहरादून, 22 जुलाई (हि.स.)। देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र स्थित देवऋषि एनक्लेव में इंटरनेट के जरिए हुई पहचान एक हत्या की वजह बन गई। बुधवार शाम 20 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर 48 वर्षीय व्यक्ति की चाकू से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित युवक को मौके से ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मीनाक्षी ने कोतवाली पटेलनगर में सूचना दी थी कि उनके भाई पर एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो मकान के भूतल स्थित कमरे में दीपक गुप्ता (48) मृत मिले। उनके गर्दन के पिछले हिस्से पर धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान पाए गए।

मृतक के भाई राकेश गुप्ता की तहरीर पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 453/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(ए) के तहत मामला दर्ज कर आरोपित रोहन प्रजापति (20), निवासी माजरा, पटेलनगर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में रोहन ने बताया कि वह एक निजी शिक्षण संस्थान में बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसकी दीपक गुप्ता से इंटरनेट के माध्यम से पहचान हुई थी। बुधवार को दीपक के बुलाने पर वह उनके घर पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद रोहन ने कमरे में रखे चाकू से हमला कर दीपक गुप्ता की हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, दीपक गुप्ता मूल रूप से लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे और वर्ष 2004 से देहरादून में अपने भाई-बहनों के साथ रह रहे थे। करीब सात-आठ वर्ष पहले उनका पत्नी से तलाक हो चुका था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय