home page

महिला की हत्या कर शव जंगल में फेंका, सीसीटीवी में दिखी संदिग्ध कार

 | 
महिला की हत्या कर शव जंगल में फेंका, सीसीटीवी में दिखी संदिग्ध कार


देहरादून, 19 नवंबर (हि.स.)। देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र के जामुनवाला में जंगल के भीतर कूड़े के ढेर के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के चेहरे और गले पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया महिला की कहीं अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव जंगल में फेंके जाने की आशंका है। पुलिस को घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक संदिग्ध कार दिखाई दी है। पुलिस उसकी पहचान और आवाजाही के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

गुरुवार पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि 18 नवंबर की शाम करीब छह बजे थाना प्रेमनगर को जामुनवाला के जंगल में कूड़े के ढेर के पास महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर महिला के चेहरे और गले पर गहरे घाव के निशान मिले। फॉरेंसिक और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल और आसपास से साक्ष्य जुटाए गए।

मृतका की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने महिला की तस्वीर और हाथ पर बने टैटू की फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर उसकी पहचान कराने की अपील की है। इसके अलावा देहरादून जिले के अन्य थानों के साथ आसपास के जिलों और राज्यों से भी लापता महिलाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी बिधोली ने स्वयं वादी बनकर थाना प्रेमनगर में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की विवेचना थानाध्यक्ष प्रेमनगर कर रहे हैं। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस टीमें घटनास्थल और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस और अन्य माध्यमों से संदिग्धों की जानकारी जुटा रही हैं। इसी दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला है। सीसीटीवी फुटेज में 17 नवंबर की रात घटनास्थल के पास से एक संदिग्ध कार गुजरती दिखाई दी है। पुलिस कार और उसमें सवार लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय