प्रेमनगर छात्र हत्याकांड: दो इनामी आरोपित ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाए गए
देहरादून, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड के देहरादून स्थित प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो इनामी मुख्य आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाकर कार्रवाई तेज कर दी है।
शनिवार को पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाकर क्राइम सीन का रीक्रिएशन कराया और घटना से संबंधित महत्वपूर्ण पूछताछ की। इस प्रकरण में पहले ही चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि फरार अन्य अभियुक्तों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार 25-25 हजार रुपये के इनामी मुख्य अभियुक्त प्रहलाद राज और अंकुर सिंह को 09 अप्रैल 2026 को पश्चिम बंगाल के पुरूलिया जिले के बांगमुण्डी थाना क्षेत्र स्थित आकाश रिसॉर्ट से गिरफ्तार किया गया था। न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद दोनों को देहरादून लाया गया।
उल्लेखनीय है कि प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अभियान तेज कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

